रांची | 20 अप्रैल 2026
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन, रांची में ‘वैशारदी’ (प्रो. नन्हूक राम दूबे स्मृतिग्रंथ) का लोकार्पण किया। यह ग्रंथ वेद, पुराण, साहित्य, साहित्यशास्त्र, व्याकरण, दर्शन, ज्योतिष और भारतीय संस्कृति जैसे विविध विषयों पर विद्वानों के शोध-आलेखों का संग्रह है।
राज्यपाल ने इस कृति के प्रकाशन पर संपादकमंडल को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के स्मृतिग्रंथ भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में अहम भूमिका निभाते हैं।
स्मृतिग्रंथ के संपादकमंडल में डॉ. नमिता सिंह, डॉ. कंजीव लोचन, डॉ. शैलेश कुमार मिश्र, डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी और गौरीनन्दन द्विवेदी शामिल हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर समेत कई शिक्षाविद मौजूद रहे।









