(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - रक्षाबंधन को लेकर हजारीबाग के बाजारों में त्योहारी रौनक देखने को मिल रही है। झंडा चौक, पैगोडा चौक, मटवारी चौक से लेकर दीपूगढ़ा तक राखियों के आकर्षक स्टॉल सजे हैं। 10 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक की राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून राखियों के साथ मोती, रुद्राक्ष, चंदन और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों की भी खूब मांग है।
राखियों की खरीदारी के साथ मिठाई दुकानों में भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बहनें राखी, रोली-अक्षत और मिठाई की खरीदारी करती नजर आ रही हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पर्व पर बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधेंगी और उनकी सुख-समृद्धि व लंबी उम्र की कामना करेंगी। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार करेंगे।








