तीसरे वर्ष भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगा भव्य आयोजन, हाथों में लेकर झील परिसर तक होगा विसर्जन
हजारीबाग:
हजारीबाग प्रेस क्लब भवन परिसर में मंगलवार को सरस्वती पूजा के भव्य आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पूजा-अर्चना, पंडाल एवं भवन की सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, अतिथि सत्कार और विसर्जन की तैयारियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी माता सरस्वती की पूजा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा भाव के साथ की जाएगी।
पैदल विसर्जन यात्रा होगी आकर्षण का केंद्र
पूजा के उपरांत विसर्जन की परंपरा को विशेष श्रद्धा के साथ निभाया जाएगा। प्रेस क्लब के सभी सदस्य माता रानी की प्रतिमा को हाथों में लेकर पैदल यात्रा करते हुए झील परिसर तक जाएंगे। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ भक्तिमय वातावरण में माता सरस्वती का विसर्जन किया जाएगा।
तीसरे वर्ष भी होगा भव्य आयोजन
गौरतलब है कि हजारीबाग प्रेस क्लब द्वारा लगातार तीसरे वर्ष सरस्वती पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रेस क्लब भवन परिसर को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। परिसर एवं आसपास आकर्षक लाइटिंग और सजावट की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही आयोजन के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया।
सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है यह आयोजन : सचिव
प्रेस क्लब के सचिव दीपक सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा हजारीबाग प्रेस क्लब के लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। सभी सदस्य आपसी सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं और हर वर्ष इसे और बेहतर स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ होगा आयोजन : अध्यक्ष
सरस्वती पूजा समिति के अध्यक्ष गौरव प्रकाश ने कहा कि माता सरस्वती की कृपा से यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष संपन्न हो रहा है। हमारा प्रयास है कि पूजा-अर्चना पारंपरिक मर्यादाओं के अनुरूप हो और विसर्जन भी पूरी श्रद्धा, अनुशासन एवं भक्ति भाव के साथ किया जाए। उन्होंने समस्त हजारीबागवासियों से सपरिवार पूजा में शामिल होकर माता रानी की आराधना करने की अपील की।
हजारीबाग प्रेस क्लब की ओर से सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया गया है।









