साहिबगंज – साहिबगंज शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बिजली विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहर के गांधी चौक से लेकर पूरे चौक बाजार क्षेत्र में दुकानदारों एवं उपभोक्ताओं से संपर्क कर स्मार्ट मीटर के फायदे और उपयोगिता की जानकारी दी। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली खपत और बिल से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल को लेकर होने वाली परेशानियों से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।
सहायक विद्युत अभियंता ज्ञानचंद ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए काफी सुविधाजनक है और इससे बिजली खपत की निगरानी करने में भी सहूलियत होगी। अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दुकानदारों से स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही उपभोक्ताओं की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए स्मार्ट मीटर से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी साझा की गई।








