(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर छात्र नेत्री अमीषा प्रसाद और JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। छात्रों का आरोप है कि युवाओं की आवाज दबाने की नीयत से मुख्यमंत्री के पुतला दहन कार्यक्रम में JMM कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। छात्रों के मुताबिक, पुतला छीनने की कोशिश के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और बाद में छात्रों पर ही केस दर्ज कर दिया गया। वहीं, आवेदन देने के बावजूद JMM कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज नहीं होने को लेकर छात्रों ने नाराजगी जताई। हालांकि, अमीषा ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के सदस्य राधे ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।








