मनसाही (कटिहार)। मनसाही प्रखंड क्षेत्र के मरंगी पंचायत स्थित घासी टोला शिव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर 48 घंटे का हरेराम नाम संकीर्तन यज्ञ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों, मंदिर कमेटी, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का सक्रिय सहयोग रहा, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली।
सोमवार को 551 कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा के साथ ही 48 घंटे के हरेराम नाम संकीर्तन यज्ञ का शुभारंभ हुआ। संकीर्तन स्थल पर राधा–कृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई थी। यज्ञ के साथ-साथ मेले का भी आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। रामलीला मंचन भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मनसाही के अंचल अधिकारी मोहम्मद इस्माइल एवं प्रभारी थाना अध्यक्ष मोहम्मद मुस्तफा अंसारी अपनी टीम के साथ शिव मंदिर परिसर का लगातार निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र इस बार 15 व्यक्तियों के नाम से लाइसेंस जारी किया गया था, जिससे कार्यक्रम विधिवत और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
बुधवार की शाम यज्ञ हवन के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन किया गया। इसके पश्चात गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा विसर्जन किया गया, जो पुलिस एवं प्रशासन की मौजूदगी में पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।

आयोजन की सफलता पर मंदिर कमेटी, स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन, अंचल प्रशासन, एसडीएम, डीएम तथा न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त किया। धार्मिक सौहार्द, प्रशासनिक सहयोग और जनभागीदारी का यह उदाहरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।









