(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा में बीपी मंडल की 109वीं जयंती सिर्फ श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक न्याय की विरासत के साथ कला और संस्कृति का भी भव्य उत्सव बन गई। बीएन मंडल स्टेडियम में सजी राजकीय सांस्कृतिक संध्या में जब इंडियन आइडल फेम रितिका राज ने मंच संभाला, तो तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। लोकनृत्य, गायकी और सूफी संगीत के रंगों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन की ओर से बीएन मंडल स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री शीला मंडल, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन समेत तमाम जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के बाद मंच पर शुरू हुआ कला और संस्कृति का सिलसिला।
कार्यक्रम का संचालन संगीत शिक्षिका शशि प्रभा जायसवाल ने किया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।








