(मृत्युंजय कुमार, संवाददाता, बिहटा)
बिहटा - बिहटा प्रखंड के दिलावरपुर निवासी व देश के महान स्वतंत्रता सेनानी जगदीश सिंह का 102 वर्ष की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही उनके पैतृक गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। जगदीश सिंह अपने पीछे वे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
स्वतंत्रता सेनानी जगदीश सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन में अत्यंत सक्रिय भूमिका निभाई थी। उन्होंने न केवल अंग्रेजों के जुल्म को देखा था, बल्कि उसे भोगा भी था। उनके शरीर पर अंग्रेजों की लाठियों और राइफल के कुंदों के निशान उनके जीवन की अनकही संघर्ष गाथा बयां करते थे।
1924 में जन्मे जगदीश सिंह की शादी वर्ष 1935 में महज 11 वर्ष की उम्र में नथूपुर निवासी फूलमती देवी के साथ हुई थी। देश में आजादी का आंदोलन तेज होने के बाद वे अपने चाचा शिव सिंह उर्फ सिपाही सिंह के साथ स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े थे। अपने पीछे वे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। क्षेत्र के लोगों ने महान स्वतंत्रता सेनानी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की है।








