रिपोर्ट - उमेश कांत गिरि
झारखंड के घाटशिला में गंगा मेमोरियल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन निरंतर जारी है। अस्पताल के संस्थापक डॉo नागेंद्र सिंह के निधन के बाद उनके सपनों को साकार करने में उनकी पुत्री, डॉo पुजा कश्यप, अपनी पूरी ऊर्जा लगा रही हैं। डॉo पुजा कश्यप ने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद भी अस्पताल में नियमित स्वास्थ्य जांच और ऑपरेशन जारी हैं। वह प्रतिदिन सात से आठ ऑपरेशन कर रही हैं और अपने दिवंगत पिता के सपनों को जीवित रखने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
डॉo पुजा कश्यप ने बताया कि मई 2026 से अस्पताल में 8 बेड की प्रीमियम डायलिसिस यूनिट और 12 बेड की आईसीयू सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा, झारखंड में पहली बार गंगा मेमोरियल अस्पताल में रोबोटिक ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिसके लिए दो साल का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता का सपना था कि उच्च गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को किफायती दर पर उपलब्ध हों, और वह उसी लक्ष्य को पूरा करने में लगी हैं।
डॉo पुजा कश्यप, जो वर्तमान में गंगा मेमोरियल अस्पताल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं, एक लेप्रोस्कोपिक सर्जन भी हैं और क्लिनिकल एक्सीलेंस व हॉस्पिटल ग्रंथ में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने एमबीबीएस, एमएस, डीएनबी, एफएमएएस और डीएम-एएस जैसी डिग्रियाँ हासिल की हैं। उनके पिता की धर्मपत्नी रंजू सिंह ने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य जांच का सिलसिला पूरी तरह से जारी है और मरीज पूर्व की तरह भरोसा करके आ सकते हैं।
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, डॉo पुजा कश्यप ने ट्रांसप्लांट सर्जरी में ऑल इंडिया टॉप किया है, जो परिवार के लिए गर्व की बात है। अब डॉo पुजा कश्यप और उनके युवा भाई अभिषेक कुमार अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए मिलकर कार्यरत हैं। घाटशिला के लोग भी आश्वस्त हैं कि गंगा मेमोरियल अस्पताल अब नए रूप में झारखंड में चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा।











