दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबले से पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में एक बड़ा हादसा सामने आया है। शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स की प्रैक्टिस के दौरान एक नेट गेंदबाज गंभीर रूप से चोटिल हो गया। बल्लेबाज के शॉट पर गेंद सीधे उसके मुंह पर जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ हो गया।
घटना के तुरंत बाद मैदान पर अफरातफरी मच गई और मेडिकल टीम ने तेजी से पहुंचकर खिलाड़ी को प्राथमिक उपचार दिया। हालत को देखते हुए एंबुलेंस बुलाई गई और उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस दौरान पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पॉन्टिंग भी घायल खिलाड़ी से मिलने पहुंचे और उसका हौसला बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ी को जल्द ठीक होने का भरोसा दिया।
हालांकि, घायल नेट गेंदबाज की पहचान अभी तक सामने नहीं आई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।










