(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के कुमार मंगलम स्टेडियम में चल रही सेकंड एनटीपीसी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में झारखंड को तीन कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। इस संबंध में खिलाड़ियों ने राज्य में अपेक्षित सुविधाओं की कमी को बेहतर प्रदर्शन में बाधा बताया।
गौरतलब हो कि राज्य तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष लंबोदर महतो और सचिव एंजेला सिंह ने उनका स्वागत किया।
जूनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में मेघालय के देवराज मोहापात्रा ने स्वर्ण, ओडिशा के रसानंदा बिरुआ ने रजत और झारखंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गोल्डी मिश्रा ने कांस्य पदक जीता। वहीं जूनियर रिकर्व महिला वर्ग में हरियाणा की कीर्ति ने स्वर्ण और झारखंड की सौरभी पाल ने कांस्य पदक हासिल किया।
गोल्डी मिश्रा ने झारखंड के खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। वहीं राज्य आर्चरी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड सरकार से खिलाड़ियों को अपेक्षित सहयोग मिलना चाहिए। जिला आर्चरी संघ की सचिव एंजेला सिंह ने कहा कि सुविधाओं की कमी के कारण झारखंड के खिलाड़ी दूसरे राज्यों से खेलने को मजबूर हैं।








