(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - तीन दिवसीय प्रमंडलीय खेल महोत्सव को लेकर हजारीबाग में खेल मशाल जुलूस निकाला गया। बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) से निकले मशाल जुलूस में विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुलूस के माध्यम से शहरवासियों को खेल महोत्सव में भागीदारी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का संदेश दिया गया।
उपायुक्त हेमंत सती की पहल एवं मार्गदर्शन में पहली बार हजारीबाग प्रमंडलीय मुख्यालय में तीन दिवसीय प्रमंडलीय खेल महोत्सव का आयोजन 29, 30 एवं 31 अगस्त 2026 को बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम, हजारीबाग में किया जा रहा है। इस आयोजन में हजारीबाग के साथ-साथ कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेल महोत्सव में फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, तीरंदाजी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के रहने, खाने-पीने और आवागमन की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गई है।








