उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हाल ही में एक ऐसी सनसनीखेज घटना हुई, जिससे पूरे सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया. यहां के रुदौली क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुर्का पहनी महिला ने नकली तमंचा दिखाकर करीब 26 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए. वारदात के समय दुकान के बाहर उसका प्रेमी मोटरसाइकिल लेकर तैयार खड़ा था और जैसे ही महिला लूट कर बाहर निकली, दोनों मौके से फरार हो गए. हालांकि, यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया. अब पूछताछ में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं.
जांच में पता चला है कि बुर्का पहनकर लूट को अंजाम देने वाली महिला असल में हिंदू है. आरोपी महिला की पहचान पायल के रूप में हुई है, जो बाबा बाजार क्षेत्र की निवासी और विवाहित है. उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्के का सहारा लिया था. इस पूरी साजिश में उसका साथ उसके प्रेमी राहुल ने दिया, जो मवई का रहने वाला है.
पायल की शादी पिछले साल 5 अप्रैल को हुई थी और वह वर्तमान में 4 महीने की गर्भवती है. वह अपने पति के साथ पंजाब में रह रही थी, लेकिन 16 अप्रैल को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए अपने मायके अयोध्या आई थी. वारदात के दिन राहुल ज्वेलरी शॉप से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था. पायल ने दुकान के भीतर खिलौना पिस्टल दिखाकर करीब 3.6 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार और चेन लूटा और फिर राहुल के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई.
आरोपी राहुल के बारे में जानकारी मिली है कि उसके पिता राधेश्याम की कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी है और वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा है. वह अपनी मां के साथ अलग रहता है और कोई काम नहीं करता है. पायल के घर से उसके घर की दूरी करीब 16 किलोमीटर है. पायल के पिता ने स्पष्ट किया है कि राहुल का उनके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है.
घटनाक्रम के अनुसार, रुदौली के कोठी बाजार निवासी महेश की अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में 'महेश ज्वेलर्स' नाम से दुकान है. गुरुवार दोपहर पायल बुर्का पहनकर और एक पिट्ठू बैग लेकर वहां पहुंची और हार-चेन खरीदने की इच्छा जताई. दुकानदार महेश ने आभूषण दिखाए और फिर महिला की मांग पर अपने कर्मचारी अंकित को पानी और समोसा लेने भेज दिया. जब अंकित सामान लेकर आया, तो पायल ने समोसा खाने से मना कर दिया और मिठाई की मांग की.
महेश ने अंकित को दोबारा बर्फी लेने भेज दिया. इसी बीच जब कर्मचारी मनीराम ने जेवर काउंटर पर रखे, तो पायल दुकान में टहलने लगी. पूछने पर उसने कहा कि उसके पति पैसे निकालने गए हैं और वह उन्हीं का इंतजार कर रही है. जैसे ही महेश अन्य जेवरों को अलमारी में रखने लगे, पायल ने मौका पाकर हार और चेन उठा ली. जब दुकानदार ने उसे टोकने की कोशिश की, तो उसने कमर से पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी और बाहर भाग गई. महेश और मनीराम के शोर मचाने के बावजूद वह पास ही खड़े राहुल के साथ बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गई.











