(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग जिले के पेलावल ओपी क्षेत्र में घर में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को ग्राम छड़वा, पंचायत रोमी निवासी प्रदीप राणा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद मेहताब और मोहम्मद शमीर कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। दोनों हजारीबाग के मांडई कला, लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के टॉप, चांदी की पायल, सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, 5 घड़ी और नकद 55,750 रूपए बरामद की है।








