आशीष प्रसाद (संवाददाता)
GIRIDIH: झारखण्ड के गिरिडीह जिला के डुमरी प्रखंड अंतर्गत निमियाघाट क्षेत्र में एक युवक अपने भाई की साली से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और शादी नहीं कराने पर खुदकुशी करने की धमकी देता रहा.युवक गोविंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और वह पहले से शादीशुदा है. बताया जाता है कि युवक अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था. इसी मांग को लेकर उसने हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया और सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा.घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने युवक को नीचे उतरने के लिए काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. मामले की सूचना मिलने के बाद निमियाघाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया.करीब कई घंटों तक चले इस घटनाक्रम के कारण इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा. पुलिस एवं स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही.










