(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो में अगर आपको तालाब देखने का शौक है, तो कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है। बीएसएल के सी-जेड गेट के पास पुल के नीचे बनी सड़क इन दिनों किसी छोटे-मोटे तालाब से कम नहीं दिख रहा। फर्क सिर्फ इतना है कि इस तालाब में मछलियां नहीं, बल्कि गाड़ियां आधी डूबकर निकल रही हैं।
नया मोड़ से माराफारी जाने वाली इस व्यस्त सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी मजबूरी में इसी जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि हर बरसात में सड़क अपना पुराना रूप छोड़कर तालाब बनने का फैसला कर लेती है। लोगों का आरोप है कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने और बीएसएल प्रबंधन की उदासीनता के कारण साल दर साल स्थिति जस की तस बनी हुई है।








