जमशेदपुर - लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण तटीय इलाकों के लोगों में चिंताजनक बनी हुई है। शहर की दो मुख्य नदियां खरकई और स्वर्णरेखा रौद्र रूप धारण कर चुकी हैं और इनका जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
खरकई नदी अपने खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर बह रही है। वहीं स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। चांडिल डैम और गालूडीह बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदियों का प्रवाह विकराल हो गया है। इसके कारण तटीय और निचले इलाकों में भारी जलजमाव और बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। कई बस्तियों और निचले क्षेत्रों में नदी का पानी प्रवेश करने लगा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों या राहत शिविरों में जाने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से पैनिक न करने और नदी तट के पास न जाने की अपील की है।








