सुपौल - बिहार के सुपौल जिला मुख्यालय अंतर्गत सदर परियोजना स्थित पिपरा खुर्द पंचायत में आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 37 का उद्घाटन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि, मुखिया, डीपीओ, सीडीपीओ सहित सभी उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत मिथिला अंगवस्त्र पाग से किया।
कार्यक्रम में पहुंचे उप विकास आयुक्त सहित अन्य ने आंगनवाड़ी केन्द्र की व्यवस्थाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मौके पर जिला समन्वयक पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान डीडीसी ने सेविका सहायिका को केन्द्र के सुचारू व बेहतर तरीके से संचालन, स्वच्छता, पोषण एवं बच्चों के समुचित विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।







