(अशोक ठाकुर, संवाददाता, दरभंगा)
दरभंगा - मन की बात के 137वें संस्करण में छाया नशामुक्त भारत का संदेश, दरभंगा में भाजपा नेताओं ने सुना पीएम मोदी का संबोधन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ में नशे के खिलाफ दिए गए संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया है। संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट है कि नशामुक्त युवा ही नशामुक्त भारत का निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के माध्यम से समाज को जागरूक करने का काम किया है।
बिहार सरकार भी लगातार नशामुक्त बिहार बनाने की दिशा में काम कर रही है और नशे के कारोबार एवं इसके सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।







