गढ़वा - गढ़वा जिले के रंका-गोदरमाना मुख्य मार्ग पर बरवाहा मोड़ के समीप पांच जून को हुई सड़क दुर्घटना का मामला अब हत्याकांड में बदल गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि श्रीकांत रवि की मौत किसी हादसे में नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत कराई गई थी। पुलिस ने मामले का उद्धेदन करते हुए मृतक की पत्नी मनीषा, उसके प्रेमी मोहम्मद हसन और पिकअप वाहन चालक परवेज अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, साजिश में शामिल दो अन्य आरोपी इमरान अंसारी और असराज अंसारी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, मनीषा की शादी करीब 13 वर्ष पहले रामानुजगंज स्थित शासकीय उच्च विद्यालय में आदेशपाल के पद पर कार्यरत श्रीकांत रवि से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। इसी दौरान विजयनगर निवासी मोहम्मद हसन, जो रामानुजगंज में मोबाइल की दुकान चलाता है, कुछ समय के लिए श्रीकांत के घर में किराएदार बनकर रहने लगा। इसी दौरान मनीषा और मोहम्मद हसन के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इसकी जानकारी श्रीकांत को होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि मनीषा अपने पति से अलग होकर मोहम्मद हसन के साथ रहना चाहती थी। पिछले कुछ महीनों से वह अपने मायके चिनियां में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने साथ रहने के लिए श्रीकांत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके बाद हत्या को दुर्घटना का रूप देने की साजिश तैयार की गई और घटना को अंजाम दिया गया।








