(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग जिले के लोहरसिंघना थाना क्षेत्र में पुलिस ने छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से छिनतई में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, सोने के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि जिले में पूर्व में कोड़ा गिरोह द्वारा छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है तथा गिरोह के कुछ अपराधी दोबारा शहरी क्षेत्र में प्रवेश कर वारदात की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हजारीबाग रूपक कुमार के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग एवं छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम में शहरी क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ पर्याप्त सशस्त्र बल को शामिल किया गया। इसके बाद टीम द्वारा तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई। इसी क्रम में टीम को सफलता मिली। सभी गिरफ्तार आरोपी कोड़ा गिरोह से जुड़े बताए गए हैं।








