(मृत्युंजय कुमार, संवाददाता, बिहटा, पटना)
पटना - पटना के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित परेव सोन नदी में नाव के जरिए अवैध बालू में रंगदारी वसूल रहे अपराधियों और पुलिस के बीच अहले सुबह भीषण मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से करीब 62 राउंड गोलियां चली। पुलिस की ओर से 22 राउंड और अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड फायरिंग की गई। मुठभेड़ में एक अपराधी जिसका नाम अनीश बताया जाता है, उसे गोली लगी है। जबकि पुलिस टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर राजू कुमार के बांह में गोली लग गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकेश कुमार को भी चोट लगी है। इस दौरान पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी अनीश को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए हैं। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और एक नाव बरामद की है।
वहीं अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि प्राथमिक उपचार के लिए घायल सब इंस्पेक्टर राजू सिंह को नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
दरअसल बिहटा के परेव सोन नदी इलाके में अपराधी नाव के जरिए लोगों से रंगदारी वसूल रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और देखते ही देखते नदी किनारा गोलियों की आवाज से गूंज उठा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनीश कुमार, पिता रामबाबू राय, निवासी मनेर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अनीश कुमार के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों में चार कांड दर्ज हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार और एएसएचओ विकास कुमार समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।







