(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - डुमरी विधायक जयराम महतो एक दिवसीय दौरे पर हजारीबाग पहुंचे। उन्होंने गांधी मैदान में छात्र आंदोलन से जुड़े युवाओं और विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने पुलिस एसोसिएशन और बरकट्टा थाना प्रभारी से जुड़े हालिया विवाद तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मामले पर अपनी राय रखी। जयराम महतो ने कहा कि कार्यपालिका और विधायिका के बीच वैचारिक मतभेद या संवादहीनता कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे विवादों को आवश्यकता से अधिक तूल देकर राज्य के वास्तविक और ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि पुलिस प्रशासन ने कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की है, तो उसका सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, उनका आरोप है कि यदि राजनीतिक कार्यकर्ता पुलिस की आड़ में छात्रों पर कार्रवाई करते हैं और बाद में छात्रों के खिलाफ ही मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, तो यह स्वीकार्य नहीं है। विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में छात्रों से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं और घोटाले की जांच है। जिसपर सरकार को ध्यान देनी चाहिए। इसके तार प्रभावशाली लोगों तक जुड़े हो सकते हैं।








