(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - औरंगाबाद के बारुण प्रखंड के जयगोविंद नगर मखरा में ग्रामीणों ने आपसी चंदे से पोस्टऑफिस की नई बिल्डिंग बनाई है। इस भवन का उद्घाटन बारुण नगर पंचायत अध्यक्ष इन्दु देवी, शंकर पांडेय, पूर्व मुखिया रामजीवन पासवान तथा पोस्टमास्टर प्रेम शंकर ने फीता काट कर किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि मारखा जयगोविंद नगर स्थित यह पोस्ट ऑफिस 4 नवंबर 1950 को स्थापित किया गया था। लेकिन समय के साथ इसका भवन जर्जर हो चुका था। जिसके कारण इसे पिछले कई वर्षों से गाँव के अन्य जगहों पर संचालित किया जा रहा था। लेकिन किसी भी सरकार के द्वारा जर्जर भवन का निर्माण नहीं कराया जा सका।
जिसके बाद इसकी जर्जर स्थिति को देखते हुए गांव के ग्रामीणों ने मिलकर इसे बनाने का संकल्प लिया और सामूहिक चंदे से पोस्ट ऑफिस भवन का पुन: निर्माण कार्य करवाया। इस कार्य में गाँव के शिक्षित युवाओं ने विशेष भूमिका निभाई है।
जिनमें आईआईटीयन मनीष यादव, दिल्ली हाई कोर्ट के अधिवक्ता अनीश तिवारी, प्रखण्ड हाउसिंग विभाग के सत्यदेव कुमार गुप्ता, डेहरी नगर निगम के संतोष यादव समेत अन्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।










