दुमका – झारखंड की उपराजधानी दुमका में बिजली की लचर व्यवस्था से परेशान सांसद नलिन सोरेन के ही मोहल्लेवासियों ने सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान सांसद नलिन सोरेन उस ओर से निकले और जाम में फंस गए। हालांकि वे तुरंत अपनी गाड़ी से उतरे और लोगों की समस्या सुनी। साथ ही मौके पर से ही विभागीय अधिकारियों को फोन कर यह निर्देश दिया कि जल्द से जल्द यहां की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करें।
गौरतलब हो कि पिछले कुछ दिनों से दुमका में भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में बिजली की खराब व्यवस्था लोगों को परेशान कर रखा है। शहर के कई इलाकों में कुछ ही घंटे बिजली रहती है। इससे नाराज लोगों ने रविवार को दुमका के संथाल परगना महाविद्यालय से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि बिजली की बदहाली की वजह से उनका जीना मुश्किल हो गया है। बिजली के नहीं रहने से कई सारी समस्यें उत्पन्न हो गई है।










