(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो स्थित हरला थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक अपाचे बाइक की जांच के दौरान बोकारो पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में धनबाद निवासी 23 वर्षीय अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को सेक्टर-9/डी निवासी सुदेश कुमार की अपाचे मोटरसाइकिल हरला थाना क्षेत्र से चोरी हो गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित की गई। मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-6/सी निवासी एक विधि-विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के कैलुडीह खटाल, छाताबाद स्थित अरमान कुमार यादव के घर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान चोरी की अपाचे बाइक समेत बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अरमान चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था। उसके खिलाफ हरला और सेक्टर-6 थाना में वाहन चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच कर रही है।







