(धीरज कुमार, संवाददाता, बक्सर)
बक्सर - बक्सर के सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ लिया है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शहर के ज्योति चौक को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गौरतलब हो कि शराब तस्करी के एक मामले में जेल में बंद कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि जेल में बंद कैदी के साथ मारपीट की गई। जिससे उसकी मौत हुई। प्रदर्शनकारी जेल प्रशासन पर लापरवाही और साजिश का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने शव को ज्योति चौक पर रखकर सड़क जाम कर दी और जेल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।










