(धीरज कुमार, संवाददाता, बक्सर)
बक्सर - बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच बक्सर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ ऑफिस) परिसर से भारी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सरकारी कार्यालय परिसर के भीतर बने गार्ड रूम और उससे सटे किचन से शराब की बोतलें मिलने के बाद अब शराबबंदी कानून के पालन और सरकारी दफ्तरों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिला परिवहन कार्यालय परिसर के भीतर बने गार्ड रूम में शराब रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान कार्यालय के निचले हिस्से में स्थित गार्ड रूम की अलमारी, कमरे और उससे सटे किचन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से शराब की कई भरी बोतलें, खाली बोतलें और पैकेट बरामद किए गए। बरामदगी के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे गार्ड रूम को सील कर दिया। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे परिवहन कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस संबंध में एसडीपीओ गौरव पांडे ने बताया कि फिलहाल जब्ती सूची तैयार की जा रही है। साथ ही कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं इस पूरे मामले पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने खुद को अनभिज्ञ बताया है। डीटीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में कोई भी गार्ड दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










