(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के चास थाना क्षेत्र स्थित जोधाडीह मोड़ पर जुडियो शोरूम के पास दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। चंदनकियारी के खमारबेंदी निवासी दिनेश चंद्र झा की बाइक की डिक्की से अज्ञात बदमाश 3.5 लाख रुपये और कई महत्वपूर्ण कागजात से भरा झोला लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकाले थे और अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में जोधाडीह मोड़ पर जाम लगा था, जिसके कारण उनकी बाइक की रफ्तार धीमी हो गई। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर बाइक की डिक्की से रुपयों से भरा झोला निकाल लिया। दिनेश चंद्र झा को घटना की जानकारी तब हुई, जब पास खड़े एक व्यक्ति ने आवाज लगाकर बताया कि बाइक सवार दो युवक उनकी बाइक की डिक्की से झोला निकालकर आईटीआई मोड़ की ओर भाग गए हैं। इसके बाद वे तुरंत चास थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने बताया कि वे कर्ज को चुकाने के लिए बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले एलआईसी एजेंट के रूप में कार्य करते थे। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








