(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से दो नाबालिग चचेरे भाई-बहन के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से बच्चों की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। मामला भर्राही थाना क्षेत्र के मलिया वार्ड-8 का है। वहीं पुलिस अब हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
लापता बच्चों में 16 वर्षीय जुली कुमारी और उसका 10 वर्षीय चचेरा भाई अमृत राज शामिल हैं। जुली के पिता नीतीश शर्मा के अनुसार 1 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे दोनों बच्चे भर्राही स्थित परिधि कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन जब सुबह दस बजे तक वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने कोचिंग सेंटर से संपर्क किया। वहां से पता चला कि दोनों बच्चे उस दिन कोचिंग पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। तीन दिनों तक लगातार खोजबीन के बाद निराश जुली के पिता ने भर्राही थाना में लिखित आवेदन देकर अपहरण की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोनों की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।
भर्राही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि तीन जुलाई को प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है। वहीं दूसरी तरफ दो मासूम बच्चों के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है।








