(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा के प्रसिद्ध सिंहेश्वरनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसी बीच मंदिर परिसर में भगदड़ की खबर सामने आने से हड़कंप मच गया। हालांकि, जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सिंहेश्वर मंदिर में कहीं कोई भगदड़ नहीं हुई है। मधेपुरा के जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ जरूर बढ़ी थी, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।
डीएम ने बताया कि एक महिला सीढ़ी से फिसलकर गिर गई थी, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं ड्यूटी के दौरान एक सिपाही का पैर बैरिकेडिंग में फंस गया, जिससे उसे चोट आई है। वहीं मधेपुरा एसपी डॉ. संदीप सिंह ने भी स्थिति को लेकर साफ जानकारी दी कि सिंहेश्वर में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह मेंटेन है। पुलिस लगातार अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से कर रही है।
हालांकि भगदड़ की खबर ने कुछ देर के लिए चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन डीएम और एसपी के बयान के बाद तस्वीर साफ हो गई। सिंहेश्वर में श्रद्धालु शांतिपूर्वक जलाभिषेक कर रहे हैं।








