(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - रांची पुलिस के दो अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका और बेहतर पुलिसिंग के लिए सम्मानित किया गया है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे तथा खादगढ़ा टीओपी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एडीजी मनोज कौशिक ने सम्मानित किया।
दोनों अधिकारियों को उनके थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, लंबित मामलों के निष्पादन तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान एडीजी मनोज कौशिक ने कहा कि पुलिस बल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। इससे अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने की बात कही है।








