(विश्वनाथ गुप्ता, संवाददाता, लखीसराय)
लखीसराय - लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गाँव के समीप एन एच 80 पर रंगदारी नहीं देने पर कुख्यात टीटू धमाका एवं उसके सहयोगीयों के द्वारा की गई फायरिंग मामले में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। बड़हिया थाना पुलिस ने बड़हिया थाना क्षेत्र के कृष्णा चौक के समीप छापेमारी कर टीटू धमाका गिरोह के दो सदस्य अनमोल और छोटू कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार छोटू कुमार पर बड़हिया और पटना जिले के हथीदह थाना में मामला दर्ज है। गिरफ्तार दोनों अपराधकर्मी जैतपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
इस संबंध में एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि बीते 24 अप्रैल की शाम नवीन सिंह उर्फ पप्पू सिंह के द्वारा बड़हिया थाना को सूचना दी गई की पहाड़पुर स्थित दुकान पर आकर टीटू धमाका एवं अन्य साथियों के द्वारा 5 लाख की रंगदारी की मांग की गई है। इस मामले में पुलिस ने कबेया थाना क्षेत्र से टीटू धमाका के सहयोगी जमीन कारोबारी सुधीर साव को गिरफ्तार किया। जिसके बाद कृष्णा चौक से अनमोल और छोटू बड़हिया को गिरफ्तार किया गया।
हालांकि अभी कुख्यात टीटू धमाका पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।










