(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग जिले में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। देर रात और सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। लोग एक ही दिन में तीन मौसम का अनुभव कर रहे हैं। सुबह बारिश, दोपहर में हल्की गर्मी और शाम होते ही ठंडक महसूस की जा रही है। लगातार उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बारिश के बाद बड़ी राहत मिली है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह मौसम किसानों के लिए लाभदायक माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों के लिए समय पर हुई बारिश काफी फायदेमंद साबित होगी और फसलों की पैदावर बेहतर होगी। स्थानीय निवासी नीतीश कुमार ने बताया कि बारिश से वातावरण खुशनुमा हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार हजारीबाग में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।








