JHARKHAND: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत 14 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की दूसरी बैठक सह चुनाव पाठशाला आयोजित की जायेगी. बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में पोस्टर जारी कर सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है. बैठक में एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट सूची पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जायेगा. इसके अलावा, अब तक मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सके अनमैप्ड मतदाताओं के मामलों की भी समीक्षा होगी. आयोग का उद्देश्य पात्र मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित करते हुए त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है. निर्वाचन आयोग ने बैठक में आम मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व पोलिंग एजेंटों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया है.
पात्र मतदाता छूटे नहीं, अपात्र शामिल न हों
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर पर सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है. अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो. आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसका समय रहते सुधार करा लें. अभियान से जुड़ी जानकारी के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट और हेल्पलाइन 1950 का भी उपयोग किया जा सकता है.







