रांची - युवा जिम्नास्ट पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने दिल्ली के मंथन जिम्नास्टिक्स स्टेडियम में आयोजित थर्ड ऑल इंडिया मंथन जिम्नास्टिक्स कप 2026 (ऑल इंडिया ओपन नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप) में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल मेन यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है।
पृथ्वी मूल रूप से धनबाद जिले के निरसा स्थित कांजीडीह के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में रांची में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से राज्य के खेल जगत में खुशी की लहर है। सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने पृथ्वी देव भट्टाचार्य को सम्मानित किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड हमेशा से खेल के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। पहले जहां युवा क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल जैसी खेल में दिलचस्पी दिखा रहे थे, लेकिन अब जिम्नास्ट जैसे खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है। उन्होंने पृथ्वी देव भट्टाचार्य के उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच विकास कुमार गोप, माता-पिता और परिजनों के आशीर्वाद के साथ साथ अपनी कड़ी मेहनत को दिया है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, नेता प्रतिपक्ष के आप्त सचिव राजेन्द्र तिवारी ने भी युवा जिम्नास्ट को बधाई दी।







