(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके हुनर को पहचान दिलाने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन की महिला विंग लगातार प्रयासरतच है। इसी कड़ी में ऑर्गेनाइजेशन ने दो दिवसीय "उड़ान ट्रेड फेयर 4.0" का आयोजन 11 एवं 12 जुलाई को रिबन्स एंड बेल्स, हजारीबाग में करने जा रहा है।
बताया गया कि यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। जीतो लेडीज विंग की चेयरपर्सन अंतिमा जैन ने बताया कि उड़ान 4.0 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त मंच है। इस आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से महिला उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी में फैशन, एथनिक एवं वेस्टर्न वियर, ज्वेलरी, होम डेकोर, होम फर्निशिंग, लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स, गिफ्ट आइटम, हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद सहित अनेक आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही साथ फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आगे उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिला उद्यमियों को उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान करना है। साथ ही शहरवासियों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण एवं नवीन उत्पादों की खरीदारी करने का भी अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर चीफ सेक्रेटरी रजनी जैन, कन्वीनर प्रीति (लिम्का) जैन सहित जीतो लेडीज विंग की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है।






