(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - सोमवार रात से लगातार हो रही तेज बारिश ने राजधानी की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा दिया है। बारिश का असर स्वर्णरेखा नदी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नदी इस समय उफान पर है और पानी पुल के बेहद करीब पहुंच गया है। चुटिया-नामकुम के बीच स्थित पुल के नीचे अब महज एक फीट के आसपास जगह बची होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में जर्जर हो चुके पुल को लेकर चिंता बढ़ गई है। अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा और नदी का जलस्तर और ऊपर गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस साल पहली बार स्वर्णरेखा नदी में इतने बड़े पैमाने पर पानी का बहाव देखने को मिल रहा है। नदी का तेज बहाव और पुल के नीचे तेजी से घटता फासला किसी बड़े खतरे का संकेत दे रहा है। जर्जर पुल के कारण चिंता और बढ़ गई है।








