(चंदन वर्मा, संवाददाता)
रांची - झारखंड की राजधानी रांची स्थित कांके रोड के मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में गुरुवार को एक गौरवपूर्ण पल देखने को मिला। जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय डेफ (बधिर) क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों और झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धनबाद के टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में आयोजित डेफ क्रिकेट सीरीज़/टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में नेपाल को हराकर खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ भारतीय खेल जगत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए भी गर्व और सम्मान का विषय है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारतीय डेफ क्रिकेट टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करना इस बात का प्रमाण है कि राज्य में प्रतिभा, समर्पण और संघर्ष की कोई कमी नहीं है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि विशेष परिस्थितियों में भी इन खिलाड़ियों ने अपने हुनर और जुनून से देश का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजीत कुमार, भारतीय डेफ क्रिकेट टीम के कप्तान सोनू सिंह, खिलाड़ी रुस्तम हुसैन, शोएब अख्तर, दीपक कुमार तथा अनुवादक रीमा साहु शामिल थीं।









