रांची – झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन में बड़ा बदलाव आया है। आंदोलन के 26वें दिन अभ्यर्थी न्याय मंच ने आंदोलन खत्म करने की घोषणा कर दी है। अभ्यर्थी न्याय मंच के रामावतार महतो ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने हमारी सभी प्रमुख मांगों को मान लिया है। ऐसे में आंदोलन को आगे बढ़ाना उचित नहीं है, इसी कारण हम आंदोलन समाप्त करने की घोषणा करते हैं।
वहीं दूसरी तरफ दूसरे गुट के छात्र आगे की रणनीति क्या होगी उस पर बैठक कर रहे हैं। ऐसे में आंदोलन की आगे की रूपरेखा क्या होगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस दौरान जयपाल सिंह स्टेडियम परिसर में पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।








