हजारीबाग - हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर 2025 को हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। दसाई मांझी के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर इलाके में दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के 10 कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
बीते 31 दिसंबर की सुबह करीब 4:30 बजे उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत हेसाबेड़ा गांव में दसाई मांझी के घर के पास अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी। घटना की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने ली थी। मामले में बड़कागांव थाना में कांड संख्या-286/25 दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक को 7 जनवरी की रात गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य शिवराज उर्फ शिवा अपने 8–10 साथियों के साथ बघरैया फुटबॉल मैदान के पास किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गठित SIT टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
छापेमारी के दौरान महुआ पेड़ के पास जमा अपराधियों को घेर लिया गया। कुछ बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि 10 अपराधियों को मौके से दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में शिवराज उर्फ शिवा, प्रीत कुमार, पीयूष कुमार सिंह, प्रेम कुमार, बादल, बिक्रम कुमार राम, मोहित सिंह, राजू कुमार, विशाल कुमार और मनोज कुमार शामिल हैं।
तलाशी के दौरान फायरिंग में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया कर लिया जाएगा।









