(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर मचे सियासी और छात्र संगठनों के हंगामे की गूंज अब बिहार के मधेपुरा तक पहुंच गई है। मधेपुरा में छात्रों और युवाओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवाओं का आरोप है कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
दरअसल एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत यादव के नेतृत्व में मधेपुरा के बी.पी. मंडल चौक पर उस वक्त माहौल गरमा गया, जब नीट पेपर लीक मामले को लेकर दर्जनों छात्र और युवा सड़क पर उतर आए। इस दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक ने मेहनत करने वाले लाखों छात्रों का भरोसा तोड़ दिया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।










