(मृत्युंजय कुमार, संवाददाता, पटना)
पटना - सांस्कृतिक, साहित्यिक और धार्मिक महत्व को बढ़ावा देने के लिए पटना आईआईटी में एक भारत श्रेष्ट भारत के तहत पंजाब के रोपर से आये 60 विद्यार्थियों को बिहार के अलग अलग शैक्षणिक और धार्मिक महत्व के स्थानों पर भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम के पहले दिन विद्यार्थी पटना जिले के ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण जगहों पर गये, जिसमें भरतपुरा पुस्तकालय और प्राचीन सूर्य मंदिर शामिल थे। जहां उन्होंने इसके ऐतिहासिक पहलुओं को जाना।
इसके पूर्व आईआईटी के सिनेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और आईआईटी डायरेक्टर प्रो. टीएन सिंह ने सभी छात्रों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि बिहार और पंजाब का पुराना सम्बन्ध रहा है। दोनों जगहों के लोग मेहनती होते हैं। पंजाब के विकास में बिहार के लोगों की भी भागीदारी है। वहीं धार्मिक रूप से भी दोनों राज्य मिलते जुलते हैं। वहीं आईआईटी के निदेशक ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से कई सारी गतिविधियों का आदान प्रदान होता है। जिससे दोनों राज्यों के लोग एक दूसरे को बेहतर ढ़ंग से समझ पाते हैं।










