(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला मधेपुरा से सामने आया है, जहां एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन जांच के दौरान मुरलीगंज थाना क्षेत्र में मीरगंज और जोरगामा के बीच एक संदिग्ध टाटा नेक्सन कार को रोका गया। जब टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो अंदर छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की 148 बोतलें और टेट्रा पैक बरामद हुए। कुल मिलाकर करीब 52 लीटर शराब जब्त की गई है। कार में सवार एक व्यक्ति, जिसकी पहचान भर्राही थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी अनुराजा के रूप में हुई है, उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़े तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और शराब तस्करों में डर का माहौल है।










