JHARKHAND SCHOOL: राज्य के सरकारी स्कूल में 28 और 30 अगस्त को अवकाश के दिन भी खुला रहेगा. इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने दिशा-निर्देश भी जारी कर सभी जिला के शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षकों को पत्र भेजा है.
बता दें, स्कूलों में 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश है. रक्षाबंधन के दिन स्कूल सुबह 9 बजे से 10 बजे तक खुले रहेंगे. इस दौरान स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. केंद्र सरकार के निर्देश के अनुरूप 28 से 30 अगस्त तक... खेलेगा भारत, जीतेगा भारत... विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है.
अवकाश के बदले शिक्षकों को मिलेगा क्षतिपूरक अवकाश
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दिन स्कूल खोलने के बदले शिक्षकों को अलग से क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा. यह अभियान केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में भी तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
28 से 30 अगस्त तक खेल गतिविधियों से जुड़ेंगे विद्यार्थी
स्कूली शिक्षा विभाग ने 28 से 30 अगस्त तक होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा भी जारी की है. इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा.








