साहिबगंज - साहिबगंज नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने शहर के गंगा बिहार पार्क के समीप स्थित वान उडेन मूक-बधिर विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्कूली बच्चों के बीच शैक्षणिक एवं उपयोगी सामग्री का वितरण किया। नगर परिषद अध्यक्ष ने बच्चों के बीच कॉपी, कलम, पेंसिल, बिस्किट, चॉकलेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। जिससे बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने अपने तरीके से आभार व्यक्त किया।
वहीं निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने विद्यालय प्रबंधन से बातचीत करते हुए कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में रोशनी की बेहतर व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगाने, खिड़कियों की मरम्मत कराने, परिसर में फैले जंगल-झाड़ियों की साफ-सफाई करवाने की बात कही। इसके साथ ही बच्चों के मनोरंजन एवं सीखने के लिए टीवी और ब्लूटूथ साउंड सिस्टम उपलब्ध कराने तथा पेयजल की समस्या के समाधान हेतु दो जलमीनार देने की घोषणा भी की।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि मूक-बधिर बच्चों के विकास और उनकी शिक्षा को बेहतर बनाना समाज की जिम्मेदारी है और नगर परिषद इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगा। विद्यालय प्रबंधन और बच्चों ने नगर परिषद अध्यक्ष के इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।








