(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो जिले के पेटरवार थाना पुलिस ने महिला से 50 हजार रुपये की छिनतई मामले का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस संबंध में पेटरवार थाना परिसर में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेसवार्ता में एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बुंडू पंचायत के कोनारबेड़ा गांव निवासी मंजू देवी बैंक ऑफ इंडिया की पेटरवार शाखा से 50 हजार रुपये राशि की निकासी कर बाइक से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बुंडू जाराटांड़ मोड़ के समीप बुलेट पर सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने रुकवाया और जब वो रुक गए तब युवकों ने महिला से थैला सहित नकदी छीनकर फरार हो गए।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चंदनकियारी थाना क्षेत्र के सहारजोरी से दिलीप तिवारी 38 वर्ष एवं ब्रजेश कुमार शर्मा 32 वर्ष को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से बुलेट वाहन एवं 23 हजार रुपये बरामद की गई। मामले में गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप तिवारी के उपर विभिन्न थानों में पहले से ही मामला दर्ज है। दोनों अभियुक्तों को मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में उपकारा तेनुघाट भेज दिया गया।
आयोजित प्रेसवार्ता में जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह मौजूद थे। वहीं छापेमारी दल में पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, एसआई महावीर एक्का, एसआई राजेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।







