रांची - अपने वैवाहित जीवन को यादगार बनाने दुबई पहुंचे रांची के रहने वाले स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के अधिकारी अतुल उरांव और उनकी नई-नवेली दुल्हन डॉ. कंचन बाड़ा के लिए शादी के बाद की पहली विदेश यात्रा अचानक चिंता में बदल गई है। उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन इसी बीच अंतरराष्ट्रीय हालात बदल गए।
गौरतलब है कि दोनों हनीमून मनाने दुबई गए थे, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कई उड़ानें रद्द हो गईं और अब वे वहीं फंस गए हैं। परिवार के लोग उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कई उड़ानों को एहतियातन रद्द कर दिया गया है। इसके कारण हजारों पर्यटक और यात्री वहां फंस गए हैं।
अतुल उरांव ने फोन पर बातचीत में बताया कि वे अपनी जिंदगी के खास पल को मनाने दुबई आए थे, लेकिन अचानक हालात बदल गए। उन्होंने कहा कि जैसे ही उड़ानों के रद्द होने की खबर मिली, तभी से चिंता बढ़ गई है। वहीं डॉ. कंचन बाड़ा ने बताया कि यहां का माहौल पहले जैसा सामान्य नहीं लग रहा है। दोनों चाहते हैं कि जल्द से जल्द अपने घर और परिवार के बीच लौट सकें। परिजन इस मामले में झारखंड सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।











