RANCHI: राजधानी रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के बार संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बार के अंदर होने वाले विवादों को नियंत्रित करने के संबंध में कई कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यह बैठक रांची के कोतवाली थाना परिसर में आयोजित की गई थी। बैठक में एसएसपी के अलावा कोतवाली डीएसपी, सदर डीएसपी और कई थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। बार संचालकों को अब अपने बार में काम करने वाले सभी स्टाफ सदस्यों, विशेष रूप से बाउंसरों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा। यह कदम सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान करने के लिए उठाया गया है। बार के अंदर होने वाली किसी भी तरह की मारपीट या छोटे-मोटे विवाद की जानकारी बार संचालकों को तत्काल स्थानीय थाने को देनी होगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बार के अंदर शुरू हुई लड़ाई या विवाद सड़क पर न फैले और आम लोगों के लिए परेशानी का सबब न बने। इसके लिए समय रहते पुलिस को सूचना देना आवश्यक है।









