आशीष प्रसाद (संवाददाता)
RANCHI: लगातार पिछले कई दिनों से राजधानी रांची के सदर अस्पताल से शिकायत की बातें सामने आ रही थी। इसी को लेकर रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री अचानक सदर अस्पताल रांची का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी, सिक्योरिटी रूम, किचन-कैटरिंग की व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा. उन्होंने किचन की गंदगी देख कांट्रैक्टर को पर्याप्त सफाई बरतने के निर्देश दिए.
दवा नहीं मिलने की शिकायत पर खुद पहुंचे डिस्पेंसरी
इसके बाद वे अस्पताल के एंट्री गेट के पास बने वेटिंग रूम में बैठक मरीजों की समस्याओं को सीधे सुना. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी में आए मरीजों से उनके इलाज और अस्पताल व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. दो महिला मरीजों ने बताया कि डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाएं डिस्पेंसरी में उपलब्ध नहीं होती हैं. इस शिकायत पर उपायुक्त ने तुरंत एक मरीज की पर्ची ली और खुद डिस्पेंसरी पहुंचकर जांच की. लेकिन पर्ची पर लिखी दवा उपलब्ध नहीं मिली. मरीजों को दवा नहीं मिलने पर उपायुक्त ने डिस्पेंसरी प्रभारी को तत्काल शो-कॉज नोटिस जारी करने और अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया.
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, सिविल सर्जन सदर डॉ प्रभात कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.










